पन्ना। अमानगंज स्थित 'श्रीजी होटल व पैलेस' में हुई मारपीट और तोड़फोड़ की वारदात के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे आरोपी 'राजाजी' को अमानगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करने के उद्देश्य से आरोपी को गांधी चौक से रेस्ट हाउस तक पैदल ले जाकर जुलूस निकाला और इसके पश्चात उसे न्यायालय में पेश किया।
पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष के पिता से हुई थी मारपीट, होटल में की थी तोड़फोड़
उल्लेखनीय है कि यह पूरा प्रकरण कुछ समय पूर्व अमानगंज के श्रीजी होटल व पैलेस में हुई हिंसा और उपद्रव से जुड़ा है। पांच आरोपियों ने मिलकर होटल संचालक एवं पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. सौरभ श्रीवास्तव के पिता सुरेंद्र श्रीवास्तव के साथ बेरहमी से मारपीट की थी और होटल परिसर में जमकर तोड़फोड़ मचाई थी। इस घटना को लेकर क्षेत्र में काफी आक्रोश देखा गया था।
कुल पांच आरोपियों में से चार गिरफ्तार, आकाश भारमुजा की तलाश में जुटी पुलिस
अमानगंज थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वारदात में कुल पांच आरोपी शामिल थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इनमें से तीन आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस टीम ने दबिश देकर फरार आरोपी राजाजी को बीते 24 नवंबर को गिरफ्तार किया और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के बाद अगले दिन न्यायालय में प्रस्तुत किया। थाना प्रभारी के मुताबिक, प्रकरण का एक अन्य फरार आरोपी आकाश भारमुजा अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार तलाश की जा रही है।

















