मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। पोरसा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मंसूरपुरा गांव में खुलेआम जुआ खेले जाने की सूचना सामने आई है। जानकारी के अनुसार गांव में जुआरियों के एकत्र होकर हार-जीत का दांव लगाने की बात कही जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गतिविधि लंबे समय से चलने की चर्चा है, लेकिन इसके बावजूद इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पाना पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की जांच कर संभावित स्थानों पर दबिश देने और कार्रवाई करने की मांग की है।
चूंकि मंसूरपुरा गांव पोरसा थाने के नजदीक स्थित है, इसलिए इस मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अब यह देखना अहम होगा कि पुलिस प्राप्त सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर क्या कदम उठाती है और यदि जुआ संचालित होता पाया जाता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है।

















