भिंड,अक्षय जोशी। जिले के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में एक मामूली घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। वार्ड नंबर 18, स्टेशन रोड पर 28 अप्रैल की रात करीब 11:55 बजे दो सगे भाइयों के बीच बाथरूम में पानी डालने की बात को लेकर शुरू हुआ झगड़ा खूनी वारदात में बदल गया।


जानकारी के अनुसार, आरोपी रामू भदौरिया का अपनी पत्नी रितु से विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे पूरे परिवार तक पहुंच गया। पिता गोवर्धन भदौरिया जब बीच-बचाव करने आए, तो आरोपी ने उन पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।


पिता को बचाने पहुंचे बड़े भाई मनमोहन भदौरिया पर आरोपी ने देशी कट्टे से फायर कर दिया। गोली सिर में लगने से मनमोहन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया।


वारदात के बाद आरोपी परिवार सहित फरार हो गया। मृतक की पत्नी सरिता की शिकायत पर पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जो इस घटना की वजह बना। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।