जबलपुर, अनुराग शुक्ला। तिलहरी-बिलहरी मार्ग पर डी मार्ट के समीप खंडारी नाले में देर रात एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सोनू सिंह के रूप में बताई गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोनू सिंह अंडा खाने के लिए सिकंदर चिकन एंड एग सेंटर पहुंचा था, जहां अंडों की ट्रे गिरने के बाद विवाद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि दुकान संचालक और वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट की।


घटना से संबंधित वायरल वीडियो में कुछ लोग एक व्यक्ति के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि मारपीट से बचने के दौरान सोनू सिंह सड़क किनारे स्थित खुले नाले में गिर गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इसी घटना में पीली टी-शर्ट पहने एक अन्य व्यक्ति के साथ भी मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है, जिसके चेहरे और नाक पर चोटें बताई जा रही हैं।


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। पुलिस वायरल वीडियो, घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। घटना रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है।


घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वायरल वीडियो में मृतक की बहन भी बिलखती नजर आ रही है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें मारपीट की क्या भूमिका रही, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।