मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम चांदबर्डा में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। खेत पर बनी झोपड़ी में सो रहे बुजुर्ग पति-पत्नी पर भारी पत्थरों से हमला कर उनकी हत्या की गई थी। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल एक आरोपी ने घटना के बाद आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, 24 और 25 अगस्त की दरमियानी रात चांदबर्डा निवासी देवीलाल और उनकी पत्नी भुलीबाई खेत पर बनी झोपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने दोनों के सिर पर भारी पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में देवीलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भुलीबाई को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना 25 अगस्त को मृतक के बेटे ने पुलिस को दी थी। जांच के दौरान बेटे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां भुलीबाई चांदी के भारी आमले पहनती थीं, लेकिन घटना के बाद उनके पैरों से जेवर गायब मिले। इसके बाद पुलिस ने हत्या के साथ लूट के एंगल को भी जांच में शामिल किया।
प्रेम संबंधों से सामने आई साजिश
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी संतोषबाई करीब दो साल से अपने पति से अलग रह रही थी और चांदबर्डा में अपने माता-पिता के यहां रहती थी। पुलिस के मुताबिक, संतोषबाई के कान्हा उर्फ करण के साथ प्रेम संबंध थे। आरोप है कि दोनों ने अपने साथियों पवन और राजेश के साथ मिलकर बुजुर्ग दंपती को लूटने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, संतोषबाई ने आरोपियों को जानकारी दी थी कि देवीलाल और भुलीबाई गांव से दूर खेत में बनी झोपड़ी में अकेले रहते हैं और भुलीबाई चांदी के भारी आमले पहनती हैं। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।
पत्थरों से हमला कर लूटे चांदी के जेवर
पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत आरोपी रात में बुजुर्ग दंपती की झोपड़ी में पहुंचे और सोते समय दोनों पर भारी पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में देवीलाल की मौत हो गई, जबकि भुलीबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद आरोपी भुलीबाई के पैरों से चांदी के आमले निकालकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में कान्हा उर्फ करण, पवन और संतोषबाई को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में नामजद आरोपी राजेश ने कथित तौर पर सुसाइड नोट लिखकर मनासा स्थित अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
चांदी के आमले, बाइक और मोबाइल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर करीब 50 हजार रुपये कीमत के चांदी के आमले, करीब 50 हजार रुपये कीमत की बिना नंबर की मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और वारदात के दौरान पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किए गए खून से सने बड़े पत्थर भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले की आगे की जांच कर रही है।




