भोपाल, जीतेन्द्र यादव। दतिया विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक कुंवर घनश्याम सिंह ने मध्य प्रदेश विधानसभा में औपचारिक रूप से विधायक पद की शपथ ग्रहण की। विधानसभा परिसर में आयोजित गरिमामयी शपथ ग्रहण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के साथ ही दतिया क्षेत्र को सदन में औपचारिक प्रतिनिधित्व मिल गया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ विधायक और जनप्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण के उपरांत पार्टी नेताओं और समर्थकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर घनश्याम सिंह को बधाई दी।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दी बधाई, पीसी शर्मा ने बताया 2028 की जीत का द्वार
घनश्याम सिंह के शपथ ग्रहण पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें दतिया की जनता के विश्वास पर खरा उतरने की शुभकामनाएं दीं। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने इस जीत को प्रदेश की राजनीति के लिए युगांतरकारी बताया। पीसी शर्मा ने कहा कि दतिया का चुनाव परिणाम वर्ष 2028 में मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का प्रवेश द्वार साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस चुनाव में भाजपा सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी थी—मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रियों का पूरा अमला और सरकारी तंत्र लगा हुआ था, इसके बावजूद जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान कर घनश्याम सिंह को भारी मतों से विजयी बनाया।
विधायक घनश्याम सिंह का बयान: 'दतिया में झूठे मुकदमों और वैमनस्यता का दौर समाप्त'
शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए नवनिर्वाचित विधायक कुंवर घनश्याम सिंह ने कहा कि यह एक बेहद दिलचस्प और जनादेश का ऐतिहासिक चुनाव रहा। उन्होंने कहा कि जनता सत्ताधारी दल की नीतियों और कार्यशैली से त्रस्त आ चुकी थी, जिसका परिणाम इस बदलाव के रूप में सामने आया है और यह बदलाव पूरे देश के राजनीतिक मिजाज को दर्शाता है। घनश्याम सिंह ने कहा कि उनके चुने जाने के बाद दतिया में सबसे बड़ा बदलाव यह आया है कि अब वहां अमन, चैन और शांति स्थापित हो गई है। लोगों पर झूठे मुकदमे लादना, प्रशासनिक स्तर पर परेशान करना और आपसी वैमनस्यता फैलाने की राजनीति पूरी तरह बंद हो चुकी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे क्षेत्र के समग्र विकास और जनसेवा के लिए निरंतर समर्पित रहेंगे।




