मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम के दर्शन कर पैदल अपने घर लौट रहीं तीन महिलाओं को दिल्ली की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत घिरोना हनुमान मंदिर के पास हुआ, जहां देर रात इस अप्रत्याशित घटना के बाद चीख-पुकार मच गई।
टक्कर मारते हुए दुकानों में घुसा बेकाबू ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिलाओं को रौंदने के बाद भी चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसा। जोरदार टक्कर से दुकानों के शटर और ढांचे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। देर रात हुए इस तेज धमाके जैसी आवाज को सुनकर आसपास के लोग और श्रद्धालु भारी संख्या में घटनास्थल की ओर दौड़े। अनियंत्रित ट्रक के दुकानों में घुसने और सड़क पर दुर्घटना के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कुछ समय के लिए वाहनों के पहिए थम गए और जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
सास-बहू समेत एक ही परिवार की तीन महिलाओं की गई जान
सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार, हादसे की शिकार हुईं तीनों महिलाएं पास ही स्थित हरफूल का पुरा गांव की निवासी थीं, जिनका घर हाईवे किनारे मंदिर से कुछ ही दूरी पर स्थित है। मृतकों की शिनाख्त 50 वर्षीय कमला कुशवाहा (पति फूल सिंह), 50 वर्षीय कमला कुशवाहा (पति बालकिशन) और 28 वर्षीय पूनम कुशवाहा (पति धर्मवीर) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मृतका कमला और पूनम रिश्ते में सास-बहू थीं, जबकि तीसरी महिला भी उसी परिवार से संबंधित हैं। एक ही परिवार की तीन महिलाओं के असमय काल के गाल में समा जाने से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने चालक को दबोचा, क्रेन से ट्रक हटाकर बहाल कराया यातायात
हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस बल ने स्थिति को संभालते हुए तीनों महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भागने की फिराक में लगे ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। शनिवार सुबह क्रेन की मदद से दुकानों में फंसे ट्रक को बाहर निकालकर सड़क किनारे कराया गया और क्षतिग्रस्त हिस्से को साफ कराकर हाईवे पर यातायात पूरी तरह सुचारू कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक जांच शुरू कर दी है।




