छतरपुर। छतरपुर शहर के व्यस्ततम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बस स्टैंड पर शुक्रवार देर शाम उठाईगीरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। पन्ना जिले के देवेंद्रनगर निवासी 60 वर्षीय तांबा कारोबारी पवन कुमार जैन का ढाई लाख रुपये नकद से भरा थैला अज्ञात चोर ने पार कर दिया। पीड़ित व्यापारी छतरपुर में तांबे का माल बेचकर प्राप्त हुई रकम को थैले में सुरक्षित रखकर वापस अपने गृह नगर लौटने की तैयारी में थे। शुक्रवार देर शाम जैसे ही वे देवेंद्रनगर जाने वाली बस में सवार होकर कंडक्टर से टिकट बनवाने लगे, पलक झपकते ही चोर उनका थैला लेकर रफूचक्कर हो गया।


नकदी के साथ अस्थमा की जरूरी दवाइयां और टिफिन भी ले गया चोर

पीड़ित पवन जैन ने बताया कि वे शुक्रवार को गोस्वामी ट्रेवल्स की बस से छतरपुर व्यापार के सिलसिले में आए थे। पूरे दिन माल की डिलीवरी और वसूली के बाद उन्हें ढाई लाख रुपये नकद मिले थे। उन्होंने पूरी नकदी को अपने निजी थैले में रख लिया था। चोरी गए थैले में ढाई लाख रुपये की बड़ी रकम के अलावा पीड़ित के खाने का टिफिन, पूड़ियां, अचार, पानी की बोतल, तौलिया, मोबाइल चार्जर और सबसे महत्वपूर्ण उनकी अस्थमा (दमा) की दवाइयां रखी हुई थीं। बुजुर्ग व्यापारी गंभीर अस्थमा रोग से पीड़ित हैं। नकदी के साथ-साथ जीवनरक्षक दवाइयां चले जाने और भूख-प्यास के चलते देर रात बस स्टैंड पर ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।


देर रात तक सीसीटीवी फुटेज के लिए भटकते रहे पीड़ित, पुलिस जांच में जुटी

वारदात के बाद बदहवास बुजुर्ग व्यापारी देर रात तक बस स्टैंड परिसर में अपने स्तर पर थैले की तलाश करते रहे। वे बस स्टैंड पुलिस चौकी पहुंचे, जहां से उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम जाकर सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक कराने की सलाह दी गई। पीड़ित का कहना है कि वे भीड़ में चोर का चेहरा तो नहीं देख सके, लेकिन अपने थैले को अच्छी तरह पहचानते हैं। पीड़ित व्यापारी ने इस संबंध में कोतवाली थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई है और बस स्टैंड परिसर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।