छतरपुर, संतोष शिवहरे। जिले के गुलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पीरा में एक विवाहिता के साथ घर में घुसकर , मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद गुलगंज पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। अब आरोपी परिवार पर केस वापस लेने और राजीनामा करने का दबाव बनाने के साथ गांव से भगाने की धमकी भी दे रहे हैं। मामले को लेकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक छतरपुर को शिकायती आवेदन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बुरी नीयत से घर में घुसे दो आरोपी
एसपी को दिए आवेदन के अनुसार, ग्राम पीरा निवासी रिंकी अहिरवार ने बताया कि 19 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7 बजे वह अपने घर के अंदर मंजन कर रही थी। इसी दौरान गांव के ही राजेश अहिरवार और सूरज अहिरवार कथित तौर पर बुरी नीयत से उसके घर में घुस आए। पीड़िता के मुताबिक दोनों आरोपियों ने उसका हाथ पकड़कर उसके साथ छेड़छाड़ की।
पीड़िता के चिल्लाने पर उसका देवर राजू अहिरवार उसे बचाने के लिए पहुंचा। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने राजू के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे प्रभु अहिरवार और गनेश अहिरवार ने भी कथित तौर पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया।
मारपीट में देवर के पैर में गंभीर चोट
पीड़िता के अनुसार, मारपीट में उसके देवर राजू अहिरवार के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि रिंकी के हाथ और पीठ पर भी चोटें लगी हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि हमलावर उसके गले से सोने की चेन और चांदी का पेंडल भी छीनकर ले गए।
थाने में सुनवाई नहीं होने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद वह गुलगंज थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के प्रभाव में आकर उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद 20 अगस्त 2026 को उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
पीड़िता का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले और बढ़ गए हैं तथा वे परिवार पर केस वापस लेने और राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं।
जान से मारने और गांव से भगाने की धमकी का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार उसके परिवार को जान से मारने और गांव से भगाने की धमकियां दे रहे हैं। इससे पूरा परिवार भय के माहौल में रहने को मजबूर है। पीड़िता ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।




