पन्ना/अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। धरमपुर थाना क्षेत्र में रुंझ नदी के शहपुरा पुल पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। नदी में तेज बहाव के बावजूद डंपर चालक पुल के ऊपर से बह रहे पानी को पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से डंपर नदी में बह गया।
हादसे के बाद से डंपर चालक का कोई सुराग नहीं लग सका है। चालक की तलाश में पुलिस और प्रशासन की टीम जुटी हुई है। सूचना मिलते ही धरमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू प्रयास शुरू किए।
बताया जा रहा है कि लगातार हो रही तेज बारिश के कारण रुंझ नदी उफान पर है और सुबह से ही शहपुरा पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। प्रशासन की ओर से नदी और पुल के तेज बहाव वाले पानी को पार नहीं करने की अपील की गई थी। इसके बावजूद डंपर चालक ने लापरवाही बरतते हुए पुल पार करने का प्रयास किया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।




