छतरपुर, विनोद मिश्रा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम गठेवरा में गैस सिलेंडर में आग लगने से एक परिवार की वर्षों की मेहनत कुछ ही मिनटों में राख हो गई। हादसे में लाखों रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। पीड़ित अशोक चौबे ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार अशोक चौबे किसी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने महाराजपुर गए हुए थे, जबकि घर पर उनकी माताजी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही घर में बंधे गाय-भैंस सहित अन्य जानवरों को भी बचाया गया। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। पीड़ित परिवार के मुताबिक करीब 7 लाख रुपए नकद भी आग की भेंट चढ़ गए, जिनमें लगभग 3 लाख रुपए उनकी बहन के लिए रखे गए थे।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आग की ऊंची-ऊंची लपटें दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




