दमोह, राजेन्द्र तिवारी। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ापुरा में शनिवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां शिक्षा विभाग में पदस्थ एक बाबू पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ापुरा निवासी देवेंद्र राज (56) पिता करोड़ी लाल से क्षेत्र के ही अरविंद नामक व्यक्ति ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब देवेंद्र राज ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने गुस्से में आकर उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में देवेंद्र राज गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर यशपाल और डॉ. दिव्यांशु अवस्थी ने उनका उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।