छतरपुर, संदीप यादव। सेंधखुरी गुलगंज थाना क्षेत्र के सेंधखुरी गांव में सिंचाई के पानी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान तुलसी यादव पिता रामसहाय यादव को रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा और उनकी चमड़ी तक उधेड़ दी। घायल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद बिजावर से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार को हुई। तुलसी यादव के खेत से निकलने वाला नाली का पानी आरोपियों अशु, लखन, उत्तम और नंदकिशोर के खेत की ओर जा रहा था। आरोपियों ने इस पानी को रोक दिया, जिससे विवाद शुरू हो गया। विवाद के बाद जब तुलसी यादव घर लौट रहे थे, तो आरोपियों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने भाग लिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने गुलगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। तुलसी यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों ने बताया कि आरोपियों ने बुजुर्ग को जान से मारने की कोशिश की। उन्होंने कहा, पानी के छोटे से झगड़े को लेकर इतनी बर्बरता करना निंदनीय है।

