उमरिया, तपस गुप्ता। थाना क्षेत्र के ग्राम मगरघरा में मछली पकड़ने के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद साथ मौजूद उसके दो दोस्तों ने मामले को छिपाने के लिए शव को नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया और मौके से फरार हो गए। युवक के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस की जांच और परिजनों की सूचना के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त नदी में मछली पकड़ने और इसके बाद पार्टी करने की योजना बनाकर घर से निकले थे। मछली पकड़ने के लिए कथित तौर पर बिजली चोरी कर नदी के पानी में तार डालने की योजना बनाई गई थी। इसी दौरान बिजली का तार पानी में डालते ही एक युवक करंट की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अचानक हुई घटना से घबराए दोनों दोस्तों ने पुलिस अथवा मृतक के परिजनों को सूचना देने के बजाय घटना को छिपाने का फैसला किया। दोनों ने नदी के पास गड्ढा खोदकर युवक के शव को उसमें दफना दिया और वहां से फरार हो गए।
इधर, युवक के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने उमरिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए गांव और आसपास के क्षेत्रों में युवक की तलाश कराई।
इसी दौरान परिजनों को एक स्थान पर ताजी मिट्टी दिखाई दी, जिससे उन्हें वहां कुछ छिपाए जाने का संदेह हुआ। परिजनों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध स्थान पर खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान युवक का शव बरामद हुआ।
शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और मामले की जांच आगे बढ़ाई। जांच में मृतक के साथ मौजूद दोनों दोस्तों की भूमिका सामने आई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया।




