नई दिल्ली, 13 मई । अरबपति उद्योगपति एलन मस्क ने बुधवार को पुष्टि की कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कई बड़े अमेरिकी कारोबारी नेताओं के साथ एयर फोर्स वन में बीजिंग जा रहे हैं। वहां वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ होने वाले महत्वपूर्ण शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।टेस्ला के सीईओ मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "मैं एयर फोर्स वन से बीजिंग जा रहा हूं।" उनकी इस पुष्टि के बाद साफ हो गया कि अमेरिका के कई बड़े कॉरपोरेट नेता चीन पहुंच रहे हैं। इसे दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच एक बड़े कूटनीतिक और आर्थिक प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में एक दर्जन से ज्यादा बड़े कारोबारी शामिल हैं, जिनमें एलन मस्क और जेन्सेन हुआंग सबसे प्रमुख नामों में हैं। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब अमेरिका और चीन के बीच भू-राजनीतिक तनाव और व्यापारिक अनिश्चितताओं के बावजूद अमेरिकी टेक्नोलॉजी और औद्योगिक कंपनियां चीन के साथ अपने रणनीतिक कारोारी रिश्तों को बनाए रखना चाहती हैं।

बीजिंग का यह दौरा इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि लगभग एक दशक बाद कोई मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति चीन की यात्रा कर रहा है। माना जा रहा है कि ट्रंप इस यात्रा के दौरान व्यापारिक सहयोग बढ़ाने और आर्थिक समझौतों को मजबूत करने पर जोर देंगे। साथ ही वह अमेरिका में बढ़ते राजनीतिक और आर्थिक दबावों को भी ध्यान में रखेंगे।

यह शिखर सम्मेलन खास तौर पर एनवीडिया के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कंपनी को चीन में अपने एडवांस एच200 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) चिप्स बेचने की मंजूरी हासिल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके पीछे बढ़ती एक्सपोर्ट पाबंदियां और सेमीकंडक्टर व्यापार को लेकर सख्त निगरानी प्रमुख कारण हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप के बीजिंग पहुंचने से पहले अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने दक्षिण कोरिया में चीनी अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच पिछले साल हुए व्यापार समझौते को स्थिर बनाए रखने पर चर्चा हुई।

यह भी बताया जा रहा है कि व्हाइट हाउस की शुरुआती योजना के मुकाबले कारोबारी प्रतिनिधिमंडल में कई बदलाव किए गए। पहले की सूची में एलन मस्क और टिम कुक जैसे नाम शामिल थे, लेकिन बाद में अंतिम प्रतिनिधिमंडल में कई अन्य कॉरपोरेट नेताओं को भी जोड़ा गया।

इस दौरे में कारोबारी प्रतिनिधिमंडल की अहमियत को रेखांकित करते हुए ट्रंप ने बीजिंग रवाना होने से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया। उन्होंने यात्रा में शामिल उद्योगपतियों की तारीफ करते हुए लिखा, "मैं राष्ट्रपति शी जिनपिंग, जो एक बेहद प्रतिष्ठित नेता हैं, से कहूंगा कि वे चीन को और अधिक खोलें ताकि ये प्रतिभाशाली लोग अपनी क्षमता का पूरा इस्तेमाल कर सकें।"