मुंबई। साउथ अभिनेता तेजा सज्जा रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स तेलुगु' से एक होस्ट के तौर पर डेब्यू करने जा रहे हैं। प्राइम वीडियो ने अनाउंस किया है कि यह शो 15 अक्टूबर को प्रीमियर होगा।
पॉपुलर इंटरनेशनल रियलिटी फ्रेंचाइजी का तेलुगु वर्जन सीरीज में 20 अलग-अलग बैकग्राउंड के लोग हिस्सा लेंगे, जो भरोसे, धोखे और विश्वासघात पर बना एक गेम खेलेंगे।
मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर तेजा का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें अभिनेता कहते हैं, "दुनिया में हर कोई तब तक अच्छा होता है, जब तक उसे प्यार, पावर, जंग के या जीत के लिए धोखा देने का मौका नहीं मिलता। दौर बदल सकते हैं, वजहें अलग हो सकती हैं लेकिन धोखा कभी नहीं बदलता।'
मेकर्स ने क्लिप पोस्ट करते हुए लिखा, "द्रोहम, ड्रामा, धमाका। मीरू रेडी? 'द ट्रेटर्स तेलुगु', रियलिटी सीरीज, हर गुरुवार नए एपिसोड, 15 अक्टूबर से।"
प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज इंडिया के डायरेक्टर और हेड ऑफ ओरिजिनल्स निखिल मधोक ने शो के लिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "द ट्रेटर्स तेलुगु अनस्क्रिप्टेड स्पेस में बेहद एक्साइटिंग शो है, जो माइंड गेम्स और स्ट्रैटेजी पर फोकस करता है और दर्शकों को गहराई से जोड़ता है।"
उन्होंने कहा, "हिंदी में दो सुपरहिट सीजन्स लाने के बाद, हम इस फ्रेंजाइजी को तेलुगु में लाने पर बहुत खुश हैं। तेजा सज्जा इस शो को होस्ट करने के लिए शानदार चॉइस है। दर्शकों के साथ उनका नेचुरल कनेक्शन शो में एक अलग ही फ्लेवर लेकर आता है। हमें उम्मीद है कि द ट्रेटर्स तेलुगु इस फ्रेंचाइजी को और आगे ले जाएगा और भारत के साथ-साथ दुनियाभर के दर्शकों को पसंद आएगा।"
एमओएल प्रोडक्शंस की पार्टनर और को-फाउंडर फाजिला अल्लाना ने कहा, "'द ट्रेटर्स' को तेलुगु में लाना हमारे लिए एक शानदार मौका है, क्योंकि यह फॉर्मेट हमें एक यूनिवर्सल कहानी कहने का मौका दे रहा है। प्राइम वीडियो के साथ हमने मिलकर जो बनाया है, उस पर हमें गर्व है और हम चाहते हैं कि गेम जैसे-जैसे आगे बढ़े, दर्शक अपने फेवरेट को चुनें।"
10 एपिसोड की यह दमदार सीरीज चार हफ्तों तक स्ट्रीम होगी, जिसमें हर गुरुवार को नए एपिसोड आएंगे। तेजा सज्जा द्वारा होस्ट की गई इस सीरीज में अलग-अलग क्षेत्रों की 20 जानी-मानी हस्तियां हिस्सा लेंगी। “द ट्रेटर्स तेलुगु” प्राइम वीडियो पर तेलुगु में इंग्लिश सबटाइटल्स के साथ चार हफ्तों तक स्ट्रीम होगी।













