निवाड़ी, मोहसिन अहमद। जेरोन थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े दबंगों ने बस चालक और क्लीनर के साथ मारपीट कर दहशत फैला दी। आरोपियों ने खुद को इलाके का मालिक बताते हुए बस ड्राइवर से 5000 रुपये “दारू-मुर्गा” के नाम पर वसूली की कोशिश की। इंकार करने पर दोनों ने लकड़ी के डंडे से बस के शीशे तोड़ डाले और ड्राइवर-क्लीनर को बुरी तरह पीटा।


फरियादी सौरभ विश्वकर्मा (25), निवासी नंदनवारा, अपनी KGN बस (MP04PA2853) लेकर बारात ले जाने के लिए जा रहे थे। उनके साथ क्लीनर राजेश रजक भी थे। दोपहर करीब 3 बजे बुद नहर की पुलिया के पास बस को बैक करते समय दो युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे। उन्होंने बस के सामने अपनी बाइक अड़ा दी और विवाद शुरू कर दिया।


आरोपी बड़े दांगी, निवासी पाराखेरा और संजू यादव, निवासी बम्होरीखेरा ने ड्राइवर को गालियां देते हुए कहा कि वे इलाके के मालिक हैं और बस को रास्ते से निकालने के लिए 5000 रुपये देने होंगे। सौरभ ने पैसे देने से मना कर दिया तो दोनों आरोपी आक्रामक हो गए। उन्होंने लकड़ी के डंडों से बस के आगे के शीशे और सीटों के कांच तोड़ डाले।


इसके बाद दोनों ने बस से सौरभ विश्वकर्मा को जबरन उतारा और लात-घूसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। क्लीनर राजेश रजक जब बचाने पहुंचा तो उसे भी नहीं बख्शा गया। दोनों युवकों ने राजेश के साथ भी मारपीट की।


घटना स्थल पर आसपास के लोगों के इकट्ठा होने लगने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने धमकी दी कि अगली बार इस रास्ते से बस निकालने पर “इलाके का हिस्सा” देना होगा, वरना जान से मार देंगे।


इस हमले में बस के कई शीशे टूटने से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय बस ऑपरेटरों और ड्राइवरों में भय व्याप्त है।


जेरोन थाना पुलिस ने फरियादी सौरभ विश्वकर्मा की शिकायत पर आरोपी बड़े दांगी और संजू यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं 115(2), 296, 119(1), 324(5), 351(3) एवं 3(5) के तहत FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुट गई है।