बैतूल, सुरेन्द्र बावने। जिले के आदिवासी बहुल भीमपुर अंचल के चिखली गांव में स्वास्थ्य विभाग ने फर्जी क्लिनिक और मेडिकल स्टोर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बीएमओ पंकज उइके के नेतृत्व में स्वास्थ्य, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए कथित झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक और एक मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।


कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में दवाओं का स्टॉक बरामद किया गया। इसमें प्रतिबंधित दवाएं भी शामिल बताई जा रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, उक्त क्लिनिक और मेडिकल स्टोर लंबे समय से बिना किसी लाइसेंस और वैध मेडिकल डिग्री के संचालित किए जा रहे थे। यहां मरीजों को बोतल और इंजेक्शन लगाए जाते थे।


स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।