मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मंदसौर में खाद की किल्लत को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है। खाद वितरण केंद्र के बाहर सुबह से लाइन में लगे किसानों ने व्यवस्था से तंग आकर सड़क पर धरना दे दिया और चक्काजाम कर दिया। सड़क पर किसानों के बैठने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। किसान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द खाद उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।
घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर, प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थिति संभालने की कोशिश
प्रदर्शन में शामिल किसानों का कहना है कि वे कई किलोमीटर का सफर तय करके खाद लेने आ रहे हैं, लेकिन बीते दो-तीन दिनों से लगातार लाइन में खड़े रहने के बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है। दिनभर भटकने के बाद भी खाली हाथ घर लौटना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत शुरू की। अधिकारियों ने किसानों को जल्द खाद दिलवाने का भरोसा दिया है।
















