इंदौर, रविकांत वर्मा। तिलक नगर थाना क्षेत्र के संविद नगर में नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। 25 मई को 26 वर्षीय आरती पटेल द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति गोपाल पटेल के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और दहेज हत्या का गंभीर प्रकरण दर्ज किया है।


पुलिस के अनुसार, मामले की विस्तृत मर्ग जांच एसीपी कुंदन मंडलोई के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान मृतका के पिता द्वारका पटेल और भाई दीपक पटेल सहित मायके पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि मूल रूप से सागर जिले के ग्राम सरदई निवासी गोपाल पटेल शादी के बाद से ही आरती को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।


बताया गया कि आरोपी पति छोटी-छोटी बातों पर विवाद करता था, मारपीट करता था और लगातार ताने देकर विवाहिता को परेशान करता था। ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर आरती ने आखिरकार आत्मघाती कदम उठा लिया।


मायके पक्ष के बयानों, मर्ग डायरी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तिलक नगर पुलिस ने आरोपी पति गोपाल पटेल के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।