दमोह,राजेन्द्र तिवारी। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में खाद, बीज एवं कीटनाशक व्यापारियों ने सरकार की नई नीतियों के विरोध में एकजुट होकर बड़ा आंदोलन छेड़ दिया है। एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन के बैनर तले व्यापारियों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगें रखीं। व्यापारियों का कहना है कि हाल ही में लागू किए गए नियमों से उनका व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और कई प्रावधान व्यवहारिक नहीं हैं।


संघ ने प्रशासन को 21 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो जिले भर के व्यापारी अपनी दुकानें बंद करने के लिए मजबूर होंगे। व्यापारियों का कहना है कि यदि ऐसा होता है तो इसका सीधा असर किसानों पर पड़ेगा और उन्हें खाद, बीज व कीटनाशकों की उपलब्धता में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।


इस दौरान व्यापारी मनोज नामदेव ने निजी कंपनियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कंपनियां खाद के साथ जबरन कीटनाशक दवाएं, जिंक और नैनो डीएपी जैसी सामग्री थोप रही हैं। उन्होंने इसे ‘दहेज’ जैसी व्यवस्था बताते हुए कहा कि इस वजह से किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और वे महंगे उत्पाद खरीदने से बच रहे हैं, जिससे व्यापारियों को भी नुकसान हो रहा है।