छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। दीपावली पर्व से पहले छतरपुर जिले के नौगांव कस्बे में पटाखों के अवैध परिवहन से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। नौगांव नगर के व्यस्त बापू डिग्री कॉलेज चौराहे पर आतिशबाजी और पटाखों से लदा एक लोडर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर पटाखों के कार्टन बिखर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही नौगांव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पलटे हुए लोडर वाहन सहित उसमें लदे समूचे पटाखों के जखीरे को जब्त कर लिया।


बापू डिग्री चौराहे पर हुआ हादसा, झांसी से छतरपुर जा रहा था वाहन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोडर वाहन झांसी की ओर से भारी मात्रा में आतिशबाजी लेकर छतरपुर की तरफ जा रहा था। जैसे ही वाहन नौगांव के बापू डिग्री चौराहे के पास पहुंचा, चालक ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और लोडर बीच सड़क पर ही पलट गया। गनीमत रही कि हादसे के दौरान पटाखों में किसी प्रकार का घर्षण या चिंगारी से आग नहीं लगी, अन्यथा घनी आबादी और व्यस्त चौराहे पर बड़ा हादसा घटित हो सकता था।


मऊरानीपुर निवासी जमील खान का नाम आया सामने, पटाखों की खेप जब्त

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही नौगांव पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले यातायात को सुचारू कराया और सुरक्षात्मक घेरा बनाकर आतिशबाजी को अपने कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच और पूछताछ में इस खेप के सिलसिले में उत्तर प्रदेश के मऊरानीपुर निवासी जमील खान का नाम सामने आया है। पुलिस ने पलटे हुए लोडर वाहन को क्रेन की मदद से सीधा करवाकर थाने भिजवाया और सभी पटाखों को विधिवत जब्त कर लिया।


पटाखों के वैध दस्तावेजों और गंतव्य की जांच में जुटी पुलिस

त्योहारी सीजन में पटाखों के परिवहन को लेकर प्रशासन द्वारा लागू सख्त दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस अब इस पूरे मामले की गहन पड़ताल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पटाखों की इतनी बड़ी खेप बिना सुरक्षा मानकों और अनुमति के किसके इशारे पर लाई जा रही थी और छतरपुर में इसे किस व्यापारी या ठिकाने पर खपाया जाना था। साथ ही वाहन चालक और संबंधित लोगों के पास विस्फोटक सामग्री परिवहन से जुड़े वैध लाइसेंस व दस्तावेज थे या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।