भिंड, अक्षय जोशी। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में स्थित सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल दंदरौआ धाम परिसर से गुरुवार रात एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। मंदिर परिसर में बने आश्रम के हॉस्टल का छज्जा रात करीब 8 बजे अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। हादसे के वक्त हॉस्टल में रहने वाले अधिकांश विद्यार्थी मंदिर में दैनिक पूजा-अर्चना में शामिल थे, जिसके चलते एक बड़ी जनहानि होने से बाल-बाल बच गई। हालांकि, छज्जा गिरने के दौरान वहां से गुजर रहा एक किशोर पत्थरों की चपेट में आने से घायल हो गया है।
रात 8 बजे हुआ हादसा, पूजा में होने से बची कई जानें
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8 बजे आश्रम के हॉस्टल भवन के छज्जे का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। गनीमत रही कि जिस समय यह घटना घटी, उस समय आश्रम के अधिकांश छात्र मंदिर प्रांगण में संध्या आरती और पूजा-अर्चना में व्यस्त थे। परिसर में छात्रों की मौजूदगी न होने के कारण बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा कई बच्चे मलबे की चपेट में आ सकते थे।
सीढ़ियों से नीचे उतर रहा किशोर घायल
हादसे के समय अपने कमरे से निकलकर सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतर रहा छात्र प्रशांत कटारे छज्जे से गिरे मलबे और पत्थरों की चपेट में आ गया। पत्थरों के लगने से प्रशांत के पैर में चोट आई है। घटना के तुरंत बाद आश्रम प्रबंधन और मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किशोर को संभाला और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। चिकित्सकों के अनुसार किशोर को मामूली चोटें आई हैं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।

















