नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक रविवार को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में शक्ति प्रदर्शन कर रहा है।


दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की महारैली में विपक्षी दलों के नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। रैली में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा समेत गठबंधन के कई घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान नेताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता का मुद्दा उठाया। इसके साथ ही चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर भी आवाज बुलंद की गई।


लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा ने कनॉट प्लेस की दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दी हैं। राहुल गांधी ने वीडियो में कहा, "हमने सब लोगों से कहा कि जब आप मार्च और महारैली के लिए यहां आएंगे, चीजें खरीदें, खरीदारी करें। मगर, यहां कनॉट प्लेस में आते हुए हमें पता लगा कि भाजपा ने सारी की सारी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दी, तो ट्रेडर्स का नुकसान कौन कर रहा है, कैसे हो रहा है, यह आप जान लीजिए।"


अखिलेश यादव का डबल इंजन सरकार और मुख्यमंत्री के वोट दावों पर सवाल

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, "जो लोग डबल इंजन की बात करते थे, वे अब डबल जीरो हो गए हैं। इतना ही नहीं, वे अपनी हार भी स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग के साथ मिलकर दूसरी बार वोटों की गिनती करवाई। इस तरह एक ही चुनाव में डबल इंजन की सरकार को दोहरी हार का सामना करना पड़ा।" उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री यह दावा कर रहे हैं कि 1 करोड़ 27 लाख वोट हिंदुओं के नहीं हैं। अखिलेश ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री को यह आंकड़ा कहां से मिला और उन्हें यह जानकारी किसने दी। उन्होंने कहा कि इस तरह का डेटा कोई सामान्य जानकारी नहीं है, जो सड़क पर मिल जाए या कोई राह चलता व्यक्ति दे दे। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि मुख्यमंत्री के पास यह जानकारी कहां से आई।


संजय राउत बोले- लोकतंत्र बचाने के लिए रामलीला मैदान में विपक्ष का आंदोलन

शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने इंडी गठबंधन की रैली को सामान्य कार्यक्रम के बजाय मेगा रैली बताया। उन्होंने कहा कि जब जंतर-मंतर पर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को पुलिस ने रोक दिया, तब रामलीला मैदान में रैली करने का फैसला लिया गया। पूरा देश लोकतंत्र को बचाने के लिए रामलीला मैदान में एकजुट होगा। संजय राउत ने सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र और देश को बचाने के लिए इन सभी ताकतों के खिलाफ लड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी दल एकजुट हैं और यह आंदोलन इतनी आसानी से समाप्त नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा, "अगर उन्हें लगता है कि सब कुछ खत्म हो गया है, तो वे गलत हैं। यह आंदोलन तब तक नहीं रुकेगा, जब तक हम ज्ञानेश कुमार को बाहर नहीं निकाल देते।"


मतदाता सूची में गड़बड़ी और रैली में बाधा डालने के आरोप: दीपेंद्र हुड्डा

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने रैली को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि हरियाणा से बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंच चुके हैं। मैदान का आधा हिस्सा भर चुका है और बड़ी संख्या में हरियाणा के लोग रैली में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों में सरकार के खिलाफ नाराजगी है। भाजपा ने जिस तरह लोकतंत्र को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया है, वह सही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे गए हैं। इसी वजह से जनता में गुस्सा है और लोग बड़ी संख्या में रैली में पहुंच रहे हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने यह भी आरोप लगाया कि रैली में आने वाले लोगों को रोकने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और ट्रैफिक की रफ्तार धीमी करने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में हरियाणा पुलिस से भी बात की गई है। पुलिस से कहा गया है कि जब रैली की अनुमति दी गई है, तो लोगों के आवागमन में बाधा नहीं डाली जानी चाहिए।


चुनाव आयोग के खिलाफ जनता की आवाज और शांतिपूर्ण रैली का संदेश: भूपेंद्र सिंह हुड्डा

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर लाखों लोग रैली में शामिल होने पहुंच रहे हैं। इंडी गठबंधन के सभी प्रमुख नेता भी इसमें शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह जनता की आवाज है और लोग चुनाव आयोग के मौजूदा नेतृत्व के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने आए हैं। बैरिकेडिंग और व्यापारियों को होने वाले नुकसान के सवाल पर उन्होंने कहा कि रैली शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की जाएगी। लोगों को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए गए हैं, लेकिन इससे आंदोलन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि रैली में आने वाले लोग खरीदारी भी करेंगे, इसलिए व्यापारियों को नुकसान होने की आशंका नहीं है।


नारायण दास का केंद्र पर प्रहार: हर वर्ग परेशान, सरकार को झूठ बोलने की आदत

समाजवादी पार्टी के सांसद नारायण दास अहिरवार ने कहा कि व्यापारी, मध्यम वर्ग, मजदूर और किसान समेत समाज का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ताधारी दल के नेताओं को झूठ बोलने की आदत हो गई है और वे कुछ भी कह सकते हैं।


सलमान खुर्शीद बोले- यह जनता का आंदोलन

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि देश का प्रधानमंत्री भारत की जनता चुनती है। इस रैली के माध्यम से इंडिया गठबंधन यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि देश की जनता, कार्यकर्ता और आम नागरिक क्या चाहते हैं। उन्होंने कहा कि रैली में शामिल लोगों की संख्या से जनता की भावनाओं और समर्थन का अंदाजा लगाया जा सकता है। इसे देखकर दूसरी तरफ के लोगों को भी जनता की इच्छा का पता चल जाएगा। सलमान खुर्शीद ने कहा कि यह आंदोलन केवल एक रैली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगे भी जारी रहेगा। आज इस आंदोलन की एक बड़ी धारा देखने को मिल रही है। आगे क्या होता है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।


रेणुका चौधरी का भाजपा पर पलटवार

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने रामलीला मैदान में आयोजित रैली को लेकर भाजपा के विरोध पर कहा, "यह लोकतंत्र है और इस देश की धरती पर हमारा भी अधिकार है। हम इस संविधान के बराबर के हकदार हैं। अरे, यह सब इनका ड्रामा है? 12 साल तक सत्ता में रहने के दौरान आपने सिखों के लिए क्या किया? आज आपको उनकी याद आ रही है? ये अपनी आदत से मजबूर हैं और हमेशा दूसरों का नाजायज फायदा उठाने की कोशिश करते हैं। अब व्यापारियों की चिंता जता रहे हैं, तो फिर यहां रैली की अनुमति क्यों दी गई? इसकी अनुमति तो खुद उन्हीं लोगों ने दी है।"


अवधेश प्रसाद ने कहा- लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए ऐतिहासिक रैली

समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने रैली को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य किसी के खिलाफ जाना या किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं है। यह रैली देश में लोकतंत्र को बचाने और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए वोट के अधिकार की रक्षा के लिए आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र कायम रहेगा और संविधान के तहत मिले मताधिकार की रक्षा की जाएगी। इंडी गठबंधन लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।


तृणमूल सांसदों का कड़ा रुख: 'मोदी-शाह-ज्ञानेश गठबंधन' और पद से हटाने की मांग

एआईटीसी की सांसद सागरिका घोष ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने सरकार को 'मोदी-शाह-ज्ञानेश गठबंधन' बताते हुए कहा कि इसे जनता और विपक्ष की आवाज सुननी ही पड़ेगी। रामलीला मैदान में आयोजित रैली के बाद ज्ञानेश कुमार अपने पद पर नहीं रह पाएंगे। वहीं, पार्टी के सांसद सौगत रॉय ने कहा कि देशभर से बड़ी संख्या में लोग ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर एकजुट हुए हैं।


महुआ माजी ने कहा लोकतांत्रिक तरीके से न्याय और जनता की आवाज की मांग

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सांसद महुआ माजी ने कहा कि इंडी गठबंधन लोकतांत्रिक तरीके से हर संभव प्रयास कर रहा है। गठबंधन सरकार से मांग कर रहा है कि जनता को न्याय मिले और उसकी आवाज सुनी जाए। विपक्ष लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।


बहरहाल रैली में शामिल एक कार्यकर्ता ने भी चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि शुरुआत में राहुल गांधी का काफी मजाक उड़ाया जाता था, लेकिन धीरे-धीरे इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों को यह समझ आने लगा कि वोट चोरी हो रही है। वोट चोरी के आरोपों के बीच ऐसी सरकार का जाना जरूरी है, अन्यथा चुनाव और लोकतंत्र का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।