पन्ना/अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। उत्तर वन मंडल पन्ना के वन परिक्षेत्र पन्ना अंतर्गत बीट मनकी से लगे राजस्व ग्राम जरुआपुर में खेत की चेन लिंक फेंसिंग में फंसे एक वयस्क नर सांभर का वन विभाग और पन्ना टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। ग्रामीणों की सूचना पर वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और सांभर को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
बताया गया कि ग्राम जरुआपुर निवासी मुन्ना खान के खेत में लगी फेंसिंग में विचरण करते समय सांभर फंस गया था। छटपटाने के दौरान उसके सींग जाली के तारों में बुरी तरह उलझ गए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन्यप्राणी रेस्क्यू दल को भी मौके पर बुलाया गया।
वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से बेहद सावधानीपूर्वक कटर की मदद से जाली के तार काटकर सांभर को मुक्त कराया। रेस्क्यू के बाद सांभर पूरी तरह स्वस्थ पाया गया और बिना किसी विलंब के निकटवर्ती बीट मनकी के कक्ष क्रमांक पी-376 स्थित घने प्राकृतिक रहवास की ओर दौड़ गया।
रेस्क्यू अभियान में परिक्षेत्र सहायक केरवन पंकज प्रकाश कुशवाहा, बीट प्रभारी मनकी चमन अख्तर वेग, बीट प्रभारी केरवन देवेन्द्र कुमार मिश्रा, प्रतीक सिंह तथा पन्ना टाइगर रिजर्व के तफसील खान और अरविन्द रैकवार का विशेष योगदान रहा। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वन्यप्राणी संकट में दिखाई देने पर स्वयं रेस्क्यू का प्रयास न करें और तत्काल नजदीकी वन अमले को सूचना दें।




