छतरपुर, विनोद मिश्रा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मकान मालिक के पालतू जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने घर के पास खेल रही 8 वर्षीय बच्ची पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची को मुंह और जबड़े से दबोच लिया और कमर के नीचे, जांघों तथा दोनों पैरों में कई जगह काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्ची के शरीर से काफी खून बहने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।


जानकारी के अनुसार घटना देरी रोड स्थित महर्षि स्कूल के पास की है। यहां किराए से रहने वाले कुशवाहा परिवार की 8 वर्षीय बच्ची बाबू कुशवाहा घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान मकान मालिक के पालतू जर्मन शेफर्ड ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची की चीख सुनकर उसकी मां और मकान मालिक मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।


एसपी बोले- जांच में लापरवाही मिली तो होगी एफआईआर

मामले में एसपी रजत सकलेचा ने कहा कि पालतू पशु की जिम्मेदारी उसके मालिक की होती है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच में यदि कुत्ते की उचित देखभाल नहीं किए जाने या लापरवाही के कारण बच्ची पर हमला होने की बात सामने आती है, तो कुत्ते के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कुत्ते को किस तरह रखा गया था और घटना किन परिस्थितियों में हुई।