बकस्वाहा, राजू दुबे। बकस्वाहा थाना क्षेत्र के शेखसेमरा गांव के पास स्थित एक कुएं में एक युवती ने अपने एक वर्षीय मासूम बेटे को गोद में लेकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान गणेशपुरा गांव निवासी सीमा यादव (25) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सीमा यादव अपने पति बृजकुमार यादव की पत्नी थीं। शुक्रवार को अज्ञात कारणों से परेशान सीमा ने अपने बेटे अनिकेत यादव (1 वर्ष) को लेकर कुएं में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने यह दर्दनाक मंजर देखा तो उनकी आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने तुरंत नैनागिर चौकी पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कुएं से मां-बेटे के शव निकालकर बकस्वाहा लाई गई। नैनागिर चौकी पुलिस ने इस मामले में मर्ग दर्ज कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिवार और ग्रामीणों ने बताया कि सीमा हाल ही में किसी बात को लेकर काफी परेशान थी, लेकिन आत्महत्या के पीछे का कोई स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।




