क्राइस्टचर्च। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला हेगले ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 225 रन लगाए हैं। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड टीम को टिम सीफर्ट और फिन एलन ने बेहतरीन शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। सीफर्ट 17 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए।

उन्होंने अपनी इस पारी में 3 चौके और एक छक्का लगाया। एलन ने 24 गेंदों का सामना करते हुए 45 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस इनिंग में 5 चौके और 2 छक्के लगाए। डेरिल मिचेल अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 19 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। मिचेल को अर्शदीप ने पवेलियन भेजा।

इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने मोर्चा संभाला और चौथे विकेट के लिए महज 32 गेंदों में 73 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाई। जैकब्स 16 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 31 रन बनाने के बाद रनआउट हुए। फिलिप्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 40 गेंदों का सामना करते हुए 82 रनों की नाबाद पारी खेली।

अपनी इस पारी में फिलिप्स ने 205 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 8 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, माइकल ब्रेसवेल 7 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत की ओर से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट निकाले। हालांकि, सभी भारतीय गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए। चार साल बाद टीम में लौटे भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 49 रन खर्च किए, जबकि अर्शदीप ने भी 45 रन दिए। अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 51 रन दिए, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने बिना कोई विकेट चटकाए 40 रन खर्च किए।

भारतीय टीम इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और मयंक यादव के साथ मैदान पर उतरी है।

मिचेल सैंटनर की अगुवाई में न्यूजीलैंड इस मैच में फिन एलन, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, नाथन स्मिथ, एडम मिल्ने, मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन के साथ खेल रही है।