कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले (बहरी थाना क्षेत्र) में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन सगे भाइयों की मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन युवकों की एक साथ मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ये तीनों भाई एक ही बाइक पर सवार होकर दशहरा का मेला देखने के लिए घर से निकले थे।


मेला देखने निकले थे छोटेलाल, अमित और सुमित

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए तीनों सगे भाई सिजेहरा गांव के रहने वाले थे, जिनकी पहचान छोटेलाल कोल, अमित लाल कोल और सुमित कोल के रूप में हुई है: तीनों भाई बुधवार शाम करीब 6 बजे दशहरा मेला देखने की बात कहकर घर से निकले थे और एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर सिंगरौड़ी की ओर जा रहे थे। रात करीब 10 बजे जब वे बहरी रोड पर पड़रिया गांव के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।


विधायक की पहल पर पहुंची एम्बुलेंस, सुबह हुआ पोस्टमॉर्टम

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया: स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस के पहुंचने से पहले स्थानीय विधायक संजय पाठक घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत फोन करके एम्बुलेंस को मौके पर बुलवाया और घायलों को बरही अस्पताल पहुंचाया, हालांकि डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। गुरुवार सुबह बहरी अस्पताल में तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।


बहरी थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।