छतरपुर। जिला चौरसिया समाज के तत्वावधान में रविवार को दो दिवसीय नागपंचमी महोत्सव 2026 का भव्य व गरिमामय शुभारंभ गायत्री मंदिर के समीप स्थित चौरसिया सत्संग भवन में हुआ। महोत्सव के पहले दिन समाज के प्रतिभाशाली बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए विविध प्रतियोगिताओं तथा वैवाहिक युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
महोत्सव के प्रथम दिन सुबह 11:00 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इस दौरान 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए सामान्य ज्ञान, मध्यप्रदेश, अध्यात्म व बॉलीवुड आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही युवतियों व महिलाओं के लिए आकर्षक फूलों की रंगोली, मेहंदी और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं, जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने खूब सराहा। दोपहर बाद 3:00 बजे से विवाह योग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें विवाह योग्य प्रत्याशियों व उनके अभिभावकों ने मंच से अपना परिचय दिया। शाम 6:00 बजे सामाजिक सहभोज के साथ पहले दिन के कार्यक्रमों का समापन हुआ।
आज होगा नागबेल पूजन एवं मेधावी प्रतिभा सम्मान
महोत्सव के दूसरे दिन यानी सोमवार, 17 अगस्त को सुबह 10:00 बजे पारंपरिक नागबेल पूजन के साथ कार्यक्रम शुरू होंगे। इसके उपरांत सुबह 11:00 बजे से अतिथियों का आगमन, दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत समारोह होगा। दोपहर 12:30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम और उद्बोधन सत्र आयोजित किया जाएगा। दोपहर 2:00 बजे से प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें कक्षा 10वीं में 85%, 12वीं में 80% तथा स्नातक/स्नातकोत्तर में 75% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों सहित IIT, NEET एवं शासकीय सेवाओं में चयनित समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
विशेष स्मृति पुरस्कारों का होगा वितरण
समारोह के दौरान समाज के होनहार विद्यार्थियों को विशेष स्मृति पुरस्कारों से भी नवाजा जाएगा। इसके तहत श्रीमती अर्चना-स्व. श्री अरुण जी द्वारा प्रदत्त 'स्व. कु. प्रिया स्मृति मेधावी छात्रा पुरस्कार' के अंतर्गत वर्ष 2026 की हाईस्कूल परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा को 1,000/- एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा में सर्वोच्च अंक लाने वाली छात्रा को 1,500 की राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, श्री अनिल भंडारी व श्रीमती माला भंडारी (अमेरिका) द्वारा प्रदत्त 'स्व. जी.पी. एवं स्व. श्रीमती गोरीबाई भण्डारी स्मृति मेधावी छात्र पुरस्कार' के अंतर्गत हाईस्कूल में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र को 1,500 तथा हायर सेकेंडरी में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र को 2,500 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन शाम 4:00 बजे वृहद सामाजिक सहभोज के साथ होगा।
पदाधिकारी व गणमान्य जन रहे उपस्थित
समारोह के शुभारंभ अवसर पर जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार चौरसिया, कार्यकारी अध्यक्ष हरगोविंद चौरसिया, नीरज चौरसिया, रनछोर चौरसिया, भारत-भूषण चौरसिया, सचिव शशिकांत चौरसिया, शिवकुमार चौरसिया, देवेन्द्र चौरसिया, ज्ञानचन्द चौरसिया, महिला प्रभारी श्रीमती रितु चौरसिया, रश्मि चौरसिया, दुर्गा चौरसिया, कुसुम चौरसिया सहित समाज की कार्यकारिणी के सदस्य, मातृशक्ति और सैकड़ों स्वजातीय बंधु सपरिवार उपस्थित रहे।




