बैतूल। नियम-कानून के पालन के साथ मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मुलताई-ससुंद्रा स्थित परिवहन चेक पॉइंट बैतूल-1 के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बीमार वाहन चालक की समय पर मदद कर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। भोपाल से नागपुर जा रहे वाहन चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने और हालत गंभीर होने की सूचना मिलते ही चेक पॉइंट प्रभारी अधिकारी डॉ. अनामिका कोली ने बिना समय गंवाए स्टाफ को तत्काल सहायता के निर्देश दिए।


चेक पॉइंट स्टाफ ने चालक को तत्काल शासकीय अस्पताल मुलताई पहुंचाया, जहां उसे आपातकालीन चिकित्सा उपलब्ध कराई गई। समय पर उपचार मिलने से उसकी स्थिति सामान्य हुई। स्वास्थ्य में सुधार के बाद चालक को वापस चेक पॉइंट लाया गया। यहां स्टाफ ने उसकी कुशलक्षेम पूछने के साथ स्वयं भोजन कराया। पूरी तरह स्वस्थ महसूस करने के बाद चालक को सम्मानपूर्वक उसके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।


परिवहन विभाग की इस तत्परता और संवेदनशीलता से भावुक हुए वाहन चालक ने डॉ. अनामिका कोली सहित चेक पॉइंट के समस्त स्टाफ का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस घटना ने यह संदेश दिया कि सरकारी विभागों की जिम्मेदारी केवल नियमों का पालन कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय मानव जीवन की सुरक्षा और मदद को प्राथमिकता देना भी कर्तव्य का हिस्सा है।