भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से मध्यप्रदेश में सेवा और जनभागीदारी का बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीपक’ कार्यक्रम से होगी।


अभियान के तहत प्रदेशभर में 58 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। वहीं उज्जैन स्थित महाकाल लोक में 25 लाख से ज्यादा दीप जलाकर भव्य दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी शामिल होंगे।


इसी अवसर पर स्वामित्व अधिकार अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 50 लाख से अधिक हितग्राहियों को उनकी संपत्ति के नि:शुल्क पंजीयन और दस्तावेज उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और ग्रामीण हितग्राहियों को अधिकार संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।


प्रदेश में एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के दौरान विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलन के साथ अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी।