भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर भोपाल के लाल परेड मैदान में भव्य स्वयंसेवक एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह से ही मैदान में स्वयंसेवकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था और देखते ही देखते पूरा परिसर संघ की निर्धारित गणवेश में नजर आने लगा। कार्यक्रम को लेकर मैदान में व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचे स्वयंसेवक और कार्यकर्ता सुचारू रूप से कार्यक्रम में शामिल हो सकें।
कार्यक्रम में भोपाल सांसद आलोक शर्मा भी संघ की गणवेश में पहुंचे। उनके साथ मंत्री विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा, विष्णु खत्री और भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति भी गणवेश में नजर आए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले संबोधित करेंगे। उनके संबोधन में संघ की शताब्दी यात्रा, संगठन के कार्यों और आगामी गतिविधियों से जुड़े विषयों पर विचार रखे जाने की जानकारी है। शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित यह एकत्रीकरण भोपाल में संघ के प्रमुख आयोजनों में शामिल है।




