छतरपुर, संजय अवस्थी: जिला टैक्स बार एसोसिएशन एवं जिला टैक्स बार व प्रैक्टिशनर एसोसिएशन के तत्वावधान में नौगांव रोड स्थित एक होटल में मुख्य आयकर आयुक्त सुखबीर चौधरी के स्वागत और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। आयकर विभाग के इतिहास में यह पहला अवसर है जब कोई मुख्य आयुक्त छतरपुर पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कर सलाहकारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
'कर व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अधिवक्ताओं की अहम भूमिका'
मुख्य आयकर आयुक्त सुखबीर चौधरी ने अपने मुख्य उद्बोधन में कहा कि कर सलाहकार देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और राजस्व संग्रह में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कर सलाहकारों को राष्ट्र निर्माण का शिल्पकार कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा। यह वर्ग न केवल कर व्यवस्था को सुचारु बनाता है, बल्कि समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाकर लोगों को उनके दायित्वों का निर्वहन करने के लिए भी प्रेरित करता है।
बुंदेलखंड की बौद्धिक क्षमता और खनन कार्रवाई पर चर्चा
श्री चौधरी ने बुंदेलखंड क्षेत्र की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए इसे वीरों की भूमि के साथ-साथ बौद्धिक व्यक्तित्वों का गढ़ बताया। कार्यक्रम में जिला आयकर अधिकारी भूपेंद्र राठौर ने कहा कि मुख्य आयुक्त के मार्गदर्शन में माइनिंग क्षेत्र में की गई छापामार कार्रवाई के बेहद सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने आगे बताया कि छतरपुर जिले में सराफा, रियल एस्टेट, मेडिकल, कंस्ट्रक्शन, अनकाउंटेड सैंड और गुटखा जैसे क्षेत्रों की संभावनाओं पर भी भविष्य में विचार किया जाएगा।
'अभिभावक बच्चों को डॉक्टर-इंजीनियर के साथ वकालत के लिए भी करें प्रेरित'
युवाओं के भविष्य और समाज के प्रति जिम्मेदारी पर बात करते हुए मुख्य आयकर आयुक्त ने सुझाव दिया कि मेधावी बच्चों के अभिभावकों को उन्हें केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनाने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें वकालत के क्षेत्र में आने के लिए भी प्रेरित करना चाहिए। उनके अनुसार, एक योग्य अधिवक्ता अपनी बौद्धिक क्षमता और कानूनी समझ से समाज को एक नई दिशा दे सकता है।
कार्यक्रम में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
समारोह का स्वागत भाषण टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय जैन और टैक्स बार एवं प्रैक्टिशनर एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिषेक खरे ने दिया। कार्यक्रम में जिला आयकर अधिकारी भूपेंद्र राठौर, अधिवक्ता संतोष गुप्ता, निरंजन खरे, नरेंद्र खरे, सीए अरविंद गुप्ता, प्रदीप गुप्ता और संरक्षक शैलेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कर सलाहकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमित खरे एवं अधिवक्ता अभिलेख खरे ने किया तथा आभार सचिव अनुराग असाटी ने व्यक्त किया।














