इंदौर, रविकांत वर्मा। लसूडिया थाना पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 65 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी ऐसा भी पकड़ा गया, जिसकी शादी तीन दिन बाद होने वाली थी।
पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर को महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में दबिश देकर हर्ष शर्मा, रानी और रूपाली सहित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपी रूपाली पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार हो चुकी है। वहीं दूसरी कार्रवाई निरंजनपुर मंडी क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर की गई, जहां मोहम्मद चौधरी को एमडी ड्रग्स और काली पल्सर बाइक के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आए एक सप्लायर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अब आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स की सप्लाई चेन, मुख्य सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपियों की फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन भी कर रही है, ताकि ड्रग्स कारोबार से जुड़े लेन-देन और संपत्ति की जानकारी सामने आ सके।












