टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के टीकमगढ़ दौरे के दौरान तेज होटल के बाहर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में हजारों किसानों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री के काफिले के स्वागत स्थल पर कुछ देर रुकने पर ज्ञानेंद्र सिंह एवं कप्तान सिंह यादव ने किसानों और कार्यकर्ताओं के साथ पुष्पवर्षा तथा पुष्पमालाओं से उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री वाहन से उतरकर उपस्थित किसानों और कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया।


स्वागत कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। पारंपरिक बैलगाड़ियां और मौनिया नृत्य आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। किसानों ने मुख्यमंत्री के स्वागत के दौरान उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी निभाई, जिससे पूरे आयोजन में ग्रामीण संस्कृति और जनसमर्थन की झलक देखने को मिली।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों की भी सराहना की गई। किसानों ने कृषि, सिंचाई, ग्रामीण अधोसंरचना और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान मुख्यमंत्री का किसानों के बीच पहुंचकर उनका अभिवादन स्वीकार करना आयोजन का सबसे आत्मीय और यादगार पल रहा।


ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम को भाजपा किसान मोर्चा की संगठनात्मक मजबूती और किसानों की सक्रिय भागीदारी का प्रतीक माना गया। शहरभर में इस भव्य आयोजन की चर्चा रही और बड़ी संख्या में मौजूद किसानों ने प्रदेश सरकार के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।