सतना, अंबिका केशरी। जिले के कोटर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अबेर-लखनवाह मार्ग पर झाड़ियों के बीच 14 वर्षीय बच्ची का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृत बच्ची अबेर गांव की रहने वाली बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही कोटर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।


परिजनों के मुताबिक बच्ची रविवार सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से निकली थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान अबेर बस स्टैंड से करीब 200 मीटर की दूरी पर झाड़ियों के बीच बच्ची का शव पड़ा दिखाई दिया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।


शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर सतना से फोरेंसिक टीम को बुलाया है, ताकि मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच कर रही है। फिलहाल बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके साथ किसी तरह का अपराध हुआ या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


घटना के बाद बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फोरेंसिक जांच सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।