पन्ना/गुनौर, जीतेन्द्र रजक। मढ़ेश्वर धाम से सिद्धनाथ धाम तक निकली अलख निरंजन कांवड़ यात्रा रविवार को गुनौर नगर पहुंची। नगरवासियों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर एवं अल्पाहार कराकर कांवड़ यात्रियों का भव्य स्वागत किया। यात्रा के नगर में पहुंचते ही हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।


कांवड़ यात्रियों ने नगर के प्रसिद्ध बालाजी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इसके बाद यात्रा निर्धारित मार्ग से आगे रवाना हुई। आयोजकों के अनुसार यह अलख निरंजन कांवड़ यात्रा का तीसरा वर्ष है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।


मढ़ेश्वर धाम से शुरू हुई यह कांवड़ यात्रा सिद्धनाथ धाम तक पहुंचेगी। रविवार रात कांवड़ यात्रियों का विश्राम निरंकालीं जी में होगा। सोमवार सुबह यात्रा सिद्धनाथ धाम पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।


जलाभिषेक के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसके साथ कांवड़ यात्रा का विधिवत समापन होगा। यात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है।