रीवा। रीवा के युवा कारोबारी प्रदीप सोनी की अचानक मौत के कुछ ही मिनटों बाद उत्तराखंड में उनकी पत्नी वैशाली खड़ायत ने भी आत्महत्या कर ली। प्रदीप की मौत की प्रारंभिक वजह डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट बताई है। परिजनों के अनुसार, दोनों ने वर्ष 2021 में प्रेम विवाह किया था और एक-दूसरे से बेहद भावनात्मक रूप से जुड़े हुए थे।


जानकारी के मुताबिक, प्रदीप रविवार को अनंतपुर स्थित घर में अकेले थे। काफी देर तक मोबाइल बंद रहने पर परिजन घर पहुंचे, जहां दरवाजा तोड़ने पर प्रदीप बाथरूम में मृत मिले। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है और प्रारंभिक जांच में किसी आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं।


प्रदीप की मौत की सूचना उस समय उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में मायके में मौजूद वैशाली को दी गई। परिजनों के अनुसार, पति की मौत की खबर सुनकर वह सदमे में चली गईं और कुछ देर बाद घर से निकल गईं। तलाश के दौरान जाजरदेवल थाना क्षेत्र के नैनीसैनी गधेरे के पास तालाब में उनका शव मिला। मौके से मोबाइल फोन और पर्स भी बरामद हुआ।


परिजनों ने बताया कि दोनों के बीच गहरा लगाव था। बातचीत के दौरान दोनों ने कभी एक-दूसरे के बिना जीवन की कल्पना न करने की बात कही थी। परिवार के अनुसार, प्रदीप की मौत का सदमा वैशाली सहन नहीं कर सकीं। एक ही दिन में पति-पत्नी की मौत से सोनी परिवार में मातम पसरा है।


एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा के अनुसार, अभी तक जांच में कोई संदेहास्पद तथ्य सामने नहीं आया है और किसी आपराधिक आशंका की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं विशेषज्ञों के अनुसार, युवाओं में कार्डियक अरेस्ट के मामलों के पीछे तनाव, अनियमित जीवनशैली, धूम्रपान, शराब, जंक फूड, मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसे कारण जोखिम बढ़ा सकते हैं। नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित खानपान और व्यायाम से हृदय संबंधी जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है।