सतना, अंबिका केशरी। जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत सतना-मैहर बाईपास पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। हादसा उतैली मोड़ के पास उस समय हुआ जब सतना से मैहर जा रही अभय ट्रेवल्स की बस क्रमांक MP 19 P 0685 की सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार विनय यादव (24) और वंदना यादव (30) उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि बाइक चला रहे विवेक यादव (25) बस की चपेट में आ गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्री भी नीचे उतरकर चले गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने विवेक यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल विनय यादव ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल वंदना यादव का उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार तीनों चकदही गांव के यादव परिवार के सदस्य हैं। वे वंदना को डॉक्टर को दिखाने के लिए सतना आ रहे थे, तभी बाईपास पर यह हादसा हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।