दतिया। विधानसभा उपचुनाव के बाद से नेतृत्व विहीन चल रहे दतिया जिला भाजपा संगठन को आखिरकार नया मुखिया मिल गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मंगलवार को आधिकारिक आदेश जारी करते हुए वरिष्ठ नेता मानवेंद्र परिहार को दतिया का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उपचुनाव के नतीजों के बाद जिला कार्यकारिणी सहित संगठन की प्रमुख इकाइयों को भंग कर दिया गया था, जिसके बाद से ही जिले में नए जिलाध्यक्ष और नई टीम के गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज थीं।
उपचुनाव के बाद भंग कार्यकारिणी, लंबे इंतजार के बाद हुआ फैसला
गौरतलब है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव के अप्रत्याशित परिणामों के बाद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने कड़ा रुख अपनाते हुए समूचे जिला संगठन को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया था। पिछले कई हफ्तों से नए नेतृत्व को लेकर कयासों का दौर जारी था। संगठन में अनुशासन कायम करने और जमीनी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने के उद्देश्य से प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श के बाद मानवेंद्र परिहार के नाम पर अंतिम मुहर लगाई।
संगठन के समर्पित सिपाही रहे हैं मानवेंद्र, दोबारा खड़ा करना होगा तंत्र
मानवेंद्र परिहार लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं और उन्होंने पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है। कार्यकर्ताओं के बीच उनकी सहज उपलब्धता और सांगठनिक अनुभव को देखते हुए उन्हें यह अहम कमान सौंपी गई है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती बिखरे हुए संगठन को एकजुट करने, नई सशक्त जिला कार्यकारिणी का गठन करने और बूथ स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं को दोबारा सक्रिय कर नई ऊर्जा भरने की होगी। नियुक्ति की घोषणा होते ही समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर दौड़ गई है।




