भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को डोल ग्यारस के पावन अवसर पर गणेश प्रतिमाओं का ऐतिहासिक विसर्जन जुलूस पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाला गया। पुराने भोपाल के पीपल चौक स्थित पीपल जामा मस्जिद के पास से शुरू हुए इस जुलूस में 'भोपाल के राजा' और 'दूल्हे राजा' की भव्य प्रतिमाओं के साथ-साथ विभिन्न समाजों के डोल और आकर्षक झांकियां शामिल हुईं। जुलूस में नीम करोली बाबा, महारानी अहिल्याबाई होल्कर और महात्मा गांधी के वेश में सजे कलाकारों के रूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
चौक बाजार से खटलापुरा मंदिर तक का जुलूस मार्ग
जुलूस में सबसे आगे 'भोपाल के राजा' की विशाल प्रतिमा रही, जिसके पीछे ढोल-नगाड़ों और धार्मिक भजनों के साथ विभिन्न समाजों के डोल चलते रहे। यह पारंपरिक जुलूस पुराने शहर के चौक बाजार से शुरू होकर लखेरापुरा, भवानी मंदिर, पीरगेट, सेफिया कॉलेज रोड, इमामबाड़ा चौकी, जनकपुरी पानी की टंकी, जुमेराती गेट, सराफा चौक, इब्राहिमपुरा, रंजन पेन कॉर्नर, सुल्तानिया रोड, बुधवारा, तलैया काली मंदिर, लिली टॉकीज चौराहा और पीएचक्यू (पुलिस मुख्यालय) तिराहा होते हुए खटलापुरा मंदिर पहुंचेगा, जहां शाम करीब 7:30 बजे आरती के साथ जुलूस का समापन और प्रतिमाओं का विसर्जन होगा।
पुराने भोपाल में डायवर्जन: दोपहर 1 बजे से प्रभावित रहा यातायात
जुलूस के सुगम संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने पुराने शहर में दोपहर 1 बजे से जुलूस समाप्ति तक व्यापक डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। पीरगेट, इमामबाड़ा चौकी, जनकपुरी, सुल्तानिया रोड, खटलापुरा और तलैया काली मंदिर के आसपास वाहनों की आवाजाही को चरणबद्ध तरीके से प्रतिबंधित और परिवर्तित किया गया है।
प्रमुख मार्ग और उनके वैकल्पिक रास्ते (रूट प्लान)
पीरगेट से मध्यम/भारी मालवाहक वाहनों व BCLL सिटी बसों का प्रवेश बंद रहेगा। भोपाल टॉकीज से इमामबाड़ा की ओर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को रॉयल मार्केट से तीन मोहरा, भोपाल टॉकीज, नादरा बस स्टैंड और भारत टॉकीज मार्ग पर डाइवर्ट किया गया है। नादरा बस स्टैंड से घोड़ा नक्कास तथा आजाद मार्केट व चौक बाजार से जुमेराती गेट की ओर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
मोती मस्जिद से बुधवारा के बीच भारी व मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। ये वाहन मोती मस्जिद से रेतघाट-गिन्नौरी तथा बुधवारा से गिन्नौरी-रेतघाट मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। पुराने मछली घर तिराहे और पीएचक्यू तिराहे से खटलापुरा मंदिर की ओर जाने वाला मार्ग आम वाहनों के लिए बंद रहेगा। वाहन चालकों को पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे से गांधी पार्क मार्ग से निकाला जा रहा है। भारत टॉकीज से लिली टॉकीज होकर पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे तक दोपहिया व चारपहिया वाहनों का आवागमन बंद रखा गया है।
स्टेशन और न्यू मार्केट जाने वालों के लिए सलाह
यातायात पुलिस ने रेलवे स्टेशन और न्यू मार्केट की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है: वाहन पुल बोगदा, प्रभात चौराहा और सुभाष नगर आरओबी (ओवरब्रिज) होकर गुजरें। लिंक रोड नंबर-1, बोर्ड ऑफिस चौराहा, मैदा मिल, सुभाष नगर आरओबी और प्रभात चौराहा मार्ग का इस्तेमाल करें। वाहन चालक जेल मुख्यालय, कोर्ट चौराहा, मैदा मिल और सुभाष नगर आरओबी मार्ग से स्टेशन पहुंच सकते हैं।




