बीजिंग। संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 6 जुलाई को मानवाधिकार परिषद की स्थिति की समीक्षा पर मसौदा प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद, चीन के उप स्थायी प्रतिनिधि सुन लेई ने एक स्पष्टीकरण में कहा कि किसी देश में मानवाधिकारों का मूल्यांकन दूसरे देशों के मानकों के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए, और न ही दोहरे मापदंड अपनाए जाने चाहिए। मानवाधिकारों का इस्तेमाल दूसरे देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के लिए राजनीतिक हथियार के रूप में नहीं किया जाना चाहिए, जिससे संयुक्त राष्ट्र का मंच दबाव और टकराव का अड्डा बन जाए।

सुन लेई ने कहा कि चीन, महासभा द्वारा "मानवाधिकार परिषद की स्थिति" पर मसौदा प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किए जाने का स्वागत करता है, जिसमें मानवाधिकार परिषद को महासभा के सहायक निकाय के रूप में बनाए रखा गया है। संयुक्त राष्ट्र के प्रमुख मानवाधिकार निकाय के रूप में, मानवाधिकार परिषद मानवाधिकार मुद्दों पर चर्चा करने और मानवाधिकार शासन को बढ़ावा देने के प्रमुख मंचों में से एक है। व्यवहार में यह सिद्ध हो चुका है कि मानवाधिकार परिषद की वर्तमान स्थिति और भूमिका उसके कार्य की आवश्यकताओं को पूरा करने में पूर्णतः सक्षम है। साथ ही, हाल के वर्षों में मानवाधिकार परिषद के कार्यों का राजनीतिकरण और दुरुपयोग प्रमुख मुद्दे बन गए हैं; इसके कार्यों की निष्पक्षता, वस्तुनिष्ठता और गैर-चयनात्मकता सुनिश्चित करना सदस्य देशों के लिए एक प्राथमिकता और अत्यावश्यक कार्य है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)