नई दिल्ली। भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) ने मंगलवार को आपदा प्रबंधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सुरक्षित, जिम्मेदार और नैतिक इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर सहमति जताई। इसमें आपदा जोखिम का आकलन, समय रहते चेतावनी देना और राहत और बचाव कार्यों के बेहतर समन्वय जैसे क्षेत्रों पर खास जोर दिया गया।
फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें 'आसियान-भारत शिखर सम्मेलन' के दौरान दोनों पक्षों ने आपदा तैयारी और प्रबंधन पर एक संयुक्त बयान अपनाया। इस दौरान आसियान सदस्य देशों के नेताओं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आसियान के महासचिव काओ किम होर्न ने भाग लिया।
संयुक्त बयान में कहा गया कि दोनों पक्ष राष्ट्रीय कानूनों और नियमों के अनुरूप, आपदा जोखिम के आकलन, पूर्व चेतावनी और प्रतिक्रिया समन्वय के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा एनालिटिक्स के सुरक्षित, जिम्मेदार और नैतिक उपयोग को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही, आपदा-रोधी तकनीकों और बुनियादी ढांचे के मानकों पर आसियान सदस्य देशों और भारत के संबंधित अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग को प्रोत्साहित किया जाए।
भारत और आसियान ने आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के लिए संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति जताई है। इसके लिए आसियान, एएचए सेंटर, भारत के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान (एनआईडीएम) और अन्य संबंधित भारतीय एजेंसियों की क्षमता निर्माण योजनाओं का उपयोग किया जाएगा।
दोनों पक्षों ने आपदा प्रबंधन क्षेत्र के पेशेवरों के लिए छात्रवृत्ति और तकनीकी आदान-प्रदान कार्यक्रमों को भी समर्थन देने का फैसला किया है, जिससे विशेषज्ञता और अनुभव साझा किए जा सकें।
संयुक्त बयान के मुताबिक, आसियान आपदा प्रबंधन समिति (एसीडीएम) और भारत की संबंधित एजेंसियों को ऐसे ठोस कार्यक्रम तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है, जो 2026-2030 के आसियान-भारत कार्य योजना के तहत इस समझौते को जमीन पर लागू कर सकें। इसके साथ ही प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में भारत-आसियान व्यापक रणनीतिक साझेदारी के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र और दुनिया में शांति, स्थिरता और भरोसेमंद माहौल बनाए रखने के लिए मिलकर काम करना जरूरी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत एक स्वतंत्र, खुला, समावेशी और नियम-आधारित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र का समर्थन करता है। उनका मानना है कि इस क्षेत्र का भविष्य प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि सहयोग पर आधारित होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत आसियान की एकता और उसकी केंद्रीय भूमिका के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही, ‘आसियान कम्युनिटी विजन 2045’ और ‘विकसित भारत 2047’ दोनों क्षेत्रों के लोगों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के इस दौर में भारत और आसियान के साझा मूल्य, समान वैश्विक सोच और गहरे सांस्कृतिक रिश्तों ने दोनों के संबंधों को नई मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति ने भारत-आसियान संबंधों को नई गति दी है।
तकनीक के बढ़ते महत्व का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और आसियान को केवल नई तकनीकों का उपयोग करने वाला नहीं बनना चाहिए, बल्कि उन्हें मिलकर नई तकनीकें विकसित करनी चाहिए। साथ ही दोनों पक्षों को अपने लोगों को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से प्रशिक्षित और कुशल बनाने के लिए साथ काम करना चाहिए।
















