प्रतापगढ़ (कुंडा)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले अंतर्गत कुंडा के बेंती स्थित राजभवन हवाई पट्टी परिसर (योगीराज देवरहा बाबा कथा मंडपम) में मंगलवार से शुरू हुई पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की चार दिवसीय भव्य श्रीराम कथा के पहले ही दिन हिंदू एकता और सामाजिक समरसता की एक ऐतिहासिक व भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई।

कथा मंच से जातिगत भेदभाव को मिटाने और सनातन एकता का सशक्त संदेश देते हुए स्वच्छता का दायित्व निभाने वाले सफाईकर्मियों को ससम्मान मुख्य व्यासपीठ के मंच पर आमंत्रित किया गया। इस दौरान सफाईकर्मियों ने अपने हाथों में आरती की थाली लेकर बागेश्वर धाम सरकार की उपस्थिति में पवित्र ग्रंथ श्रीरामचरितमानस की आरती उतारी। मंच पर हुए इस अद्भुत दृश्य को देखकर विशाल पंडाल में मौजूद लाखों श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरा परिसर 'जय श्रीराम' के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।


राजनीतिक अटकलों के बीच मंच से दिया सामाजिक समरसता का बड़ा संदेश

गौरतलब है कि जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ 'राजा भैया' की मेजबानी में 17 से 20 नवंबर तक आयोजित हो रही इस श्रीराम कथा को लेकर बीते कई दिनों से सियासी गलियारों में बयानबाजी और विरोध की चर्चाएं गर्म थीं। ऐसे माहौल के बीच कथा के शुभारंभ अवसर पर समाज के सबसे अंतिम पंक्ति में खड़े स्वच्छता कर्मियों को मुख्य मंच पर स्थान देकर और उनसे धर्मग्रंथ की आरती करवाकर आयोजकों और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने समूचे देश को सामाजिक समानता और सनातन एकता का बड़ा संदेश दिया है। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी हमेशा की तरह अपने उद्बोधन में ऊंच-नीच और जातिवाद की दीवारों को गिराकर सभी सनातनियों के एकजुट होने का आह्वान किया।


560 फीट लंबा भव्य पंडाल, 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी और 1,000 पुलिसकर्मियों का सुरक्षा घेरा

इस महाआयोजन के लिए बेंती परिसर में 100 फीट चौड़ा और 560 फीट लंबा विशाल वाटरप्रूफ मुख्य पंडाल तैयार किया गया है, जहां 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने और चारों दिन 24 घंटे अनवरत भंडारे की व्यवस्था की गई है। इस धार्मिक अनुष्ठान का विशेष आकर्षण राजस्थान से राजा भैया के विशेष निमंत्रण पर आए करीब 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी भी हैं, जो पहली बार इस कथा का श्रवण कर रहे हैं। वहीं, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए प्रशासन ने पूरे कथा क्षेत्र को 9 सेक्टर और 7 जोन में विभाजित कर करीब एक हजार पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया है।