रामपुर बघेलान (सतना)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश शर्मा का मंगलवार को लखनऊ स्थित एक अस्पताल में उपचार के दौरान दुखद निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समूचे क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रमेश शर्मा पिछले लगभग दो माह से गंभीर रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। लखनऊ में उनका निरंतर उपचार जारी था और वे बीमारी से संघर्ष कर रहे थे। परिजनों और समर्थकों को उनके शीघ्र स्वस्थ होने की उम्मीद थी, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन को परिवार, समाज और राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की है।














