छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को होने वाली साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान मुख्य द्वार के पास लगे मधुमक्खियों के छत्ते से एक बार फिर मधुमक्खियां बिफर गईं। भीड़ देखकर मधुमक्खियों के अचानक उग्र होने से परिसर में मौजूद फरियादियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि आज किसी को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन लगातार हो रही इन घटनाओं ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें




दो सप्ताह पहले भी हुआ था बड़ा हमला, 9 लोग हुए थे शिकार
गौरतलब है कि कलेक्ट्रेट परिसर में मधुमक्खियों के आतंक का यह कोई पहला मामला नहीं है। ठीक दो सप्ताह पहले, 3 नवंबर को आयोजित जनसुनवाई के दौरान भी इसी छत्ते से मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला बोल दिया था। उस घटना में परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी और कवरेज के लिए पहुंचे 3 मीडियाकर्मियों सहित अपनी समस्याएं लेकर आए 6 फरियादी (कुल 9 लोग) मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए थे। जान बचाने के लिए कर्मचारियों को भी अपने कमरों के दरवाजे बंद करने पड़े थे।
प्रशासनिक लापरवाही से बढ़ रहा खतरा
जिले भर से सैकड़ों ग्रामीण और आम नागरिक हर मंगलवार को अपनी समस्याओं के निराकरण की उम्मीद लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचते हैं। मुख्य प्रवेश द्वार पर ही लंबे समय से मधुमक्खियों के बड़े छत्ते लगे हुए हैं। 3 नवंबर की घटना के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इन छत्तों को हटवाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार दूसरी बार मधुमक्खियों के बिफरने से अब कलेक्ट्रेट आने वाले आम लोगों में खौफ का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इन छत्तों को सुरक्षित तरीके से नहीं हटाया गया, तो भविष्य में भीड़ के बीच कोई बड़ी जनहानि या गंभीर दुर्घटना घट सकती है।













