छतरपुर (बिजावर)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले अंतर्गत बिजावर क्षेत्र में रबी सीजन के दौरान किसानों को खाद (उर्वरक) प्राप्त करने में हो रही असुविधाओं और अव्यवस्था की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बिजावर विधायक राजेश शुक्ला सोमवार रात अचानक स्थानीय कृषि उपज मंडी परिसर जा पहुंचे। विधायक के इस औचक निरीक्षण से मंडी और सहकारिता विभाग के अमले में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचकर उन्होंने गोदामों में मौजूद खाद के स्टॉक, टोकन प्रणाली और वितरण व्यवस्था की बारीकी से पड़ताल की।
अधिकारियों को सख्त निर्देश—वितरण व्यवस्था में न हो किसी प्रकार की लापरवाही
निरीक्षण के दौरान विधायक राजेश शुक्ला ने मंडी परिसर में मौजूद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से खाद की कुल उपलब्धता और अब तक किए गए वितरण का विस्तृत ब्योरा लिया। व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने सख्त लहजे में स्पष्ट निर्देश दिए कि उपलब्ध खाद के वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, पक्षपात या कोताही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को पाबंद किया कि टोकन व्यवस्था को सुगम और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से आने वाले किसानों को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े और उन्हें समय पर खाद मिल सके।
ये भी पढ़ें




किसानों से किया सीधा संवाद, पर्याप्त आपूर्ति का दिया आश्वासन
इस दौरान विधायक ने मंडी परिसर में खाद के इंतजार में मौजूद किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी व्यावहारिक समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने अन्नदाताओं को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में खाद की किसी भी प्रकार की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। विधायक ने कहा कि अतिरिक्त रैक और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वे स्वयं शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं तथा जल्द ही आवश्यक इंतजाम करवाए जाएंगे। अपनी समस्याओं पर विधायक द्वारा रात के समय मौके पर पहुंचकर त्वरित संज्ञान लिए जाने से उपस्थित किसानों ने संतोष और आभार व्यक्त किया।

















