पन्ना/अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम: क्षेत्र में इन दिनों चोरों के हौसले पूरी तरह बुलंद नजर आ रहे हैं। अजयगढ़ थाना अंतर्गत खोए मोहल्ले में 15 और 16 नवंबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने भारी आतंक मचाते हुए दो अलग-अलग घरों को अपना निशाना बनाया और बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने ताले तोड़कर घरों में प्रवेश किया और हजारों रुपये की नकदी सहित सोने-चांदी के कीमती आभूषण और बर्तन समेटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले जागेश्वर बसोर के घर को खंगाला, जहाँ से वे 20 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन ले उड़े। इसके तुरंत बाद चोरों ने पास ही स्थित राजेश के घर को भी निशाना बनाया और वहाँ से दो हजार रुपये नकद, एक सोने का जेवर तथा चांदी की पायल समेत अन्य कीमती सामान चुरा लिया। चोरों का दुस्साहस इतना अधिक था कि वे घरों से बड़े बक्से भी अपने साथ उठा ले गए, जिन्हें बाद में कुछ दूरी पर स्थित जंगल में लावारिस हालत में फेंका हुआ पाया गया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पीड़ितों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की तलाश और मामले की गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।















