पन्ना, अमित सिंह राठौर। किताबों में वन्यजीवों के बारे में पढ़ने वाले ग्रामीण अंचल के स्कूली बच्चों को जब सफेद बाघ और अन्य दुर्लभ वन्यप्राणियों को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिला, तो उनके चेहरों पर उत्साह और जिज्ञासा साफ नजर आई। दक्षिण पन्ना वनमंडल की पहल पर शासकीय माध्यमिक शाला लुधगवां के 55 विद्यार्थियों को मुकुंदपुर स्थित महाराजा मार्तंड सिंह जूदेव व्हाइट टाइगर सफारी एवं चिड़ियाघर का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

इस शैक्षणिक यात्रा में कक्षा चौथी से आठवीं तक के कुल 55 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें 33 बालिकाएं और 22 बालक थे। बच्चों के मार्गदर्शन और सुरक्षा के लिए विद्यालय के पांच शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा वन विभाग का अमला भी पूरे समय साथ मौजूद रहा।

मुकुंदपुर पहुंचकर बच्चों ने व्हाइट टाइगर सफारी के साथ-साथ चिड़ियाघर, स्नेक पार्क और ईको पार्क का बारीकी से अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सफेद बाघ, विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों और सरीसृपों को बेहद करीब से देखा। वन विभाग के अधिकारियों और गाइडों ने बच्चों को इन वन्यप्राणियों के प्राकृतिक आवास, खान-पान और व्यवहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


इसके बाद ईको पार्क में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक और मनोरंजक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को जैव विविधता, पर्यावरण संतुलन और वन्यजीव संरक्षण के महत्व से रूबरू कराया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें प्रकृति से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना है, ताकि भावी पीढ़ी में वन और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित हो सके।